Chennai News: श्रीलंकाई नौसेना ने 14 मछुआरों को दो नौकाओं समेत गिरफ्तार कर लिया है. इसे लेकर रामेश्वरम में भारी विरोध हो रहा है. श्रीलंकाई अफसर ने एक बयान में कहा कि ये गिरफ्तारियां शनिवार को मन्नार के उत्तर में समुद्री क्षेत्र में चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान हुईं.
Trending Photos
Chennai News: श्रीलंकाई नौसेना ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (IMBL) का उल्लंघन करने के आरोप में 14 मछुआरों को दो नौकाओं समेत गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार मछुआरों को कानूनी प्रक्रिया के लिए श्रीलंका ले जाया गया है. वहीं, इस गिरफ्तारी की रामेश्वरम के मछुआरा संघ ने कड़ी निंदा की है.
श्रीलंकाई नौसेना ने एक बयान में कहा कि ये गिरफ्तारियां शनिवार को मन्नार के उत्तर में समुद्री क्षेत्र में चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान हुईं. मत्स्य विभाग के मुताबिक, शनिवार को रामेश्वरम से 470 नौकाएं मछली पकड़ने के लिए समुद्र में गई थीं. इन्हीं में से कुछ मछुआरों का समूह कथित रूप से श्रीलंकाई जल सीमा में प्रवेश कर गया. इसी दौरान श्रीलंकाई नौसेना की एक गश्ती टीम वहां पहुंच गई और
दो नौकाएं समेत उन पर सवार 14 मछुआरों को पकड़ लिया.
श्रीलंकाई नौसेना का बयान
श्रीलंकाई नौसेना ने एक बयान में कहा, 'श्रीलंकाई नौसेना ने मछली पकड़ने वाली दो भारतीय नौकाओं को जब्त कर लिया और देश के जलक्षेत्र में अवैध रूप से शिकार कर रहे 14 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है.'
बयान में आगे कहा गया है कि नौसेना विदेशी मछली पकड़ने वाली नौकाओं की अवैध मछली पकड़ने की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए श्रीलंकाई जलक्षेत्र में नियमित गश्त और अभियान चलाती रहती है, और स्थानीय मछुआरों की आजीविका पर इन गतिविधियों के प्रभाव को ध्यान में रखती है. नौसेना ने बताया कि गिरफ्तार मछुआरों को ईरानतिवु द्वीप लाया गया, जहां उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए किलिनोच्ची के सहायक मत्स्य निदेशालय को सौंप दिया जाएगा.
मछुआरा संघ ने की निंदा
रामेश्वरम मछुआरा संघ ने भारतीय मछुआरों की लगातार हो रही गिरफ्तारियों की निंदा की और केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर मछुआरों और उनकी नौकाओं की रिहाई की मांग की. उन्होंने भारत और श्रीलंका के बीच इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए द्विपक्षीय वार्ता की अपील भी की.
गौरतलब है कि हाल के हफ्तों में श्रीलंकाई नौसेना और भारतीय मछुआरों के बीच कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं. 3 फरवरी को, श्रीलंकाई नौसेना ने मंडपम क्षेत्र से 10 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर उनकी नौका जब्त कर ली थी. 26 जनवरी को नौसेना ने रामनाथपुरम जिले के 34 भारतीय मछुआरों को तीन नौकाओं समेत पकड़ा था. वहीं, 28 जनवरी को, डेल्फ्ट द्वीप के पास श्रीलंकाई नौसेना की गोलीबारी में पांच भारतीय मछुआरे घायल हो गए थे. ( भाषा इनपुट के साथ )