Delft Island Incident: गलती से चली थी गोली... मछुआरों पर फायरिंग कर पछता रहा श्रीलंका, भारत की लताड़ पर अकल आई ठिकाने
Advertisement
trendingNow12622928

Delft Island Incident: गलती से चली थी गोली... मछुआरों पर फायरिंग कर पछता रहा श्रीलंका, भारत की लताड़ पर अकल आई ठिकाने

Delft Island Incident Update: श्रीलंका की नौसेना ने भारतीय मछुआरों पर हुई गोलीबारी को लेकर सफाई दी है. नौसेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह गोली गलती से चली थी जिससे दो भारतीय मछुआरे गंभीर रूप से घायल हो गए.

Delft Island Incident: गलती से चली थी गोली... मछुआरों पर फायरिंग कर पछता रहा श्रीलंका, भारत की लताड़ पर अकल आई ठिकाने

Delft Island Incident Update: श्रीलंका की नौसेना ने भारतीय मछुआरों पर हुई गोलीबारी को लेकर सफाई दी है. नौसेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह गोली गलती से चली थी जिससे दो भारतीय मछुआरे गंभीर रूप से घायल हो गए. यह घटना डेल्फ्ट द्वीप के पास हुई. जहां श्रीलंकाई जलक्षेत्र में मछली पकड़ने के आरोप में 13 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया गया था.

कैसे हुई फायरिंग.. श्रीलंका ने क्या कहा?

श्रीलंका नौसेना के कमांडर वाइस एडमिरल कंचना बनगोडा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नौसेना के एक जवान से गलती से गोली चल गई थी. उन्होंने कहा कि भारतीय मछुआरों की नाव को रोकने के दौरान यह घटना हुई. उन्होंने आगे कहा कि भारतीय मछुआरे हमारी चेतावनी के बावजूद श्रीलंका के जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ रहे थे. जब उन्हें वहां से जाने के लिए कहा गया तो उन्होंने निर्देशों का पालन नहीं किया. जांच के दौरान उन्होंने आक्रामक व्यवहार किया जिससे टकराव की स्थिति बनी और इसी दौरान गलती से गोली चल गई.

भारत की कड़ी प्रतिक्रिया

भारत ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और श्रीलंका के कार्यवाहक उच्चायुक्त को विदेश मंत्रालय में तलब कर विरोध दर्ज कराया. भारत ने साफ कहा कि किसी भी परिस्थिति में बल प्रयोग स्वीकार्य नहीं है और इस तरह की घटनाएं चिंताजनक हैं. भारत में श्रीलंका के उच्चायोग को भी इस मामले पर कड़ा संदेश दिया गया. वहीं, जाफना स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने अस्पताल जाकर घायल मछुआरों से मुलाकात की और हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया.

मछुआरों की गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई

श्रीलंका नौसेना ने बताया कि 27 जनवरी की रात उत्तरी जाफना प्रायद्वीप के वेल्वेत्तितुरई तट पर 13 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया गया था. उन्हें श्रीलंका की मल्लकुम मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया, जहां से 10 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. भारत ने इन गिरफ्तारियों को भी लेकर श्रीलंका से अपनी आपत्ति जताई है और मछुआरों की जल्द रिहाई की मांग की है.

भारत-श्रीलंका के बीच मछुआरों का विवाद पुराना

भारत और श्रीलंका के बीच मछुआरों को लेकर विवाद नया नहीं है. तमिलनाडु और पुदुचेरी के कई मछुआरे अक्सर श्रीलंका के जलक्षेत्र में मछली पकड़ने चले जाते हैं. जिसपर श्रीलंकाई नौसेना सख्त कार्रवाई करती है. इससे पहले भी कई बार भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी और उनकी नावें जब्त करने की घटनाएं हो चुकी हैं. भारत सरकार इस मुद्दे को कई बार श्रीलंका के सामने उठा चुकी है. लेकिन समाधान अब तक नहीं निकला है.

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Trending news